PM नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार ने आठ साल पूरे कर लिए हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। पार्टी के मंत्री, विधायक-सांसद, कार्यकर्ता सभी इन आठ वर्षों की उपलब्धि का बखान करने में जुटे हैं। लेकिन बिहार में एक विधायक जी को यही काम भारी पड़ गया। विधायक जी विदेश नीति से लेकर वैक्सीन नीति पर मोदी सरकार की तारीफें जप रहे थे। नाराज लोगों ने लोकल मुद्दों पर विधायक जी को ही घेर लिया।
फोन भी छीन लिया
मामला भागलपुर के बिहपुर विधानसभा क्षेत्र का। यहां मोदी सरकार के आठ सालों में किए गए कार्यों का जपनाम करते रविवार को छुट्टी के दिन पहुंच गए। दिक्कत ये हुई कि जिन कार्यों को विधायक ई. शैलेंद्र कुमार गिना रहे थे, लोकमानपुर पंचायत के लोगों को उससे मतलब ही नहीं था। गांव वालों को बाढ़ से फिर तबाही की आशंका थी। जबकि स्थानीय विधायक मोदी सरकार अरमानों का पहाड़ बनाने में जुटे थे। नतीजा ये हुआ कि लोगों ने उन्हें घेर लिया। उनका फोन तक छीन लिया।
MLA दो घंटे तक बने रहे बंधक

विधायक ई. शैलेंद्र ग्रामीणों के लगभग दो घंटे तक बंधक बने रहे। ग्रामीणों ने साफ कहा कि बारिश होने वाली है। नदी में कटाव भी बढ़ रहा है। कुछ तो करिए विधायक जी। वैसे तो विधायक जी के पास ग्रामीणों के सवालों पर सफाई के अलावा कुछ नहीं था। उन्होंने कहा कि मैंने विधानसभा में भी कहा, सीएम से भी कहा लेकिन अभी तय यह हो नहीं सका है। विधायक जी की बेचारगी सुनने के बाद भी गांव वालों ने उन्हें एक कमरे में अकेले बंद कर दिया। वहां से विधायक जी ने अपनी बातें रिकॉर्ड कर वीडियो सोशल मीडिया पर भेजा।




















