Voter Adhikar Bihar Yatra: बिहार में राहुल-गांधी और तेजस्वी यादव वोटर अधिकार यात्रा पर हैं। उनकी यात्रा के दूसरे दिन विपक्षी नेताओं का काफिला देव सूर्य मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचा है। यहां विपक्ष के नेताओं ने मंदिर की परिक्रमा कर पूजा अर्चना की। इसके बाद गयाजी में जाने का कार्यक्रम है। जहां शाम के वक्त जनता को संबोधित करेंगे। रविवार को सासाराम से यात्रा की शुरुआत हुई और मात्र छह घंटे में करीब 60 किलोमीटर का पैदल सफर तय कर राहुल गांधी औरंगाबाद के कुटुंबा पहुंचे। रात का विश्राम उन्होंने बभंडी ग्राउंड में किया और सोमवार को यात्रा का दूसरा चरण गयाजी के लिए बढ़ेगा।

बताते चलें कि बिहार में विधानसभा चुनाव पहले सियासी उबाल है। विपक्ष एकजुट होकर एनडीए को हराने की पुरजोर कोशिश में जुटा हुआ है। चुनाव आयोग के स्पेशन इंटेंसिव रिवीजन में गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए बिहार में वोटर अधिकार यात्रा निकाली गई। जिसका आज दूसरा दिन है। आज तेजस्वी और राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का रूट– कुटुम्बा, औरंगाबाद, देव, गुरारू से गुजरेगा, तो कल यानी 19 अगस्त : पुनामा वजीरगंज, गया, नवादा, बरबीघा पहुंचेगा।

पहले दिन राहुल गांधी ने दो जनसभाओं को संबोधित किया और अपने भाषणों में चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में मतदाता सूची में गड़बड़ियां गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं और यह लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। राहुल ने मतदाता अधिकार यात्रा को जनता की ताकत और वोट की रक्षा का आंदोलन बताया।

सासाराम से यात्रा की शुरुआत कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की मौजूदगी में हुई। तीन घंटे लंबी सभा में राहुल ने करीब दस मिनट तक लोगों को संबोधित किया। इसके बाद डेहरी और औरंगाबाद की ओर बढ़ते हुए जगह-जगह जनता से संवाद करते रहे।






















