तीज पर्व की खुशियां कैमूर जिले में मातम में बदल गईं। रामगढ़ थाना क्षेत्र के रहारी गांव में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। मां के साथ तालाब में स्नान करने गए तीन मासूम भाई-बहन अचानक गहराई में चले गए और डूबने लगे।
ग्रामीणों ने शोर सुनते ही बच्चों को बचाने की कोशिश की और उन्हें बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने गजेंद्र यादव की पुत्री अंशिका कुमारी (13 वर्ष) और पुत्र प्रियांशु कुमार (11 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीसरी बहन खुशबू कुमारी की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
तीज के मौके पर हुए इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जहां खुशियां मनाई जानी थी, वहां मातम छा गया। परिजनों का रो–रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।






















