छपरा के भिखारी ठाकुर चौक पर वर्ग संघर्ष के बाद सारण पुलिस बेहद सतर्क है और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालो के विरुद्ध लगातार कार्रवाई हो रही है इसी क्रम में सारण पुलिस ने पटना और छपरा से दो लोगो को गिरफ्तार किया है जिनमे संतोष रेणु यादव और चंदन राय शामिल हैं। दोनो ने एक जाति विशेष के विरुद्ध तल्खी दिखाते हुए फेसबुक पर पोस्ट किया था जिसका संज्ञान लेते हुए सारण पुलिस ने पटना जिला के मसौढ़ी बैरम चक निवासी संतोष रेणु यादव और सारण जिला के मुफस्सिल थाना इलाका मेथवलिया ग्राम निवासी चंदन राय को गिरफ्तार कर लिया है।
सारण जिला पुलिस के एडिशनल एसपी डॉ राकेश कुमार ने एक प्रेसवार्ता कर बताया कि पकड़े गए लोगो द्वारा जाति समुदाय विशेष के विरुद्ध हिंसा, शत्रुता एवं दंगा के लिए प्रेरित किया जा रहा था और सार्वजनिक शांति को भंग करने का प्रयास किया जा रहा था जो विधि व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है। पुलिस की पकड़ में आये संतोष रेणु यादव ने सारण के निवर्तमान सांसद के विरुद्ध भी आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया था।




















