[Team Insider]: राजधानी पटना के बहादुरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम पांच मंजिला मकान से दो लड़कियों को फेंक दिया गया। इसमें एक लड़की की मौके पर मौत हो गई। जबकि एक इलाजरत है। घटना से आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया। गाड़ियों में आग लगा दी।
छत पर कपड़ा फैलाने गई थीं लड़कियां
शिव शक्ति नगर में एक मकान की छत पर लड़कियां कपड़ा फैलाने गई थीं। उस दौरान वहां कुछ बदमाश छिपे हुए थे। इन दोनों को देखते ही बदमाशों ने उन्हें छत से नीचे फेंक दिया। एक की मौत हो गई। जबकि दूसरी पीएमसीएच में जिंदगी और मौत से जूझ रही है। घटना के बाद लोगों ने आगजनी और पथराव किया। पथराव में बहादुरपुर थानाध्यक्ष सनोवर खां, एएसआई सूर्यकांत, हवलदार प्रकाश, रविरंजन, शिवचरण प्रसाद, दुकानदार जयप्रकाश वर्मा समेत आठ लोग जख्मी हो गए।

एक आरोपी गिरफ्तार
मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इसका नाम विवेक कुमार है। यह दरभंगा का रहने वाला है। विवेक 2012 से नंदलाल के लॉज में रह रहा है। उसने बताया कि वह यूपीएससी की तैयारी कर रहा है। विवेक ने पुलिस को बताया कि उसने नीतीश नाम के लड़के के कहने पर दोनों लड़कियों को छत से नीचे फेंका है। आरोपी युवक को लोग ने जमकर पीटा है। पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी है।

10 और 12 साल की है लड़कियां
शिवशक्ति नगर में किराए के घर में रहने वाले नंद लाल गुप्ता फल कारोबारी हैं। इनकी 12 साल की बेटी सलोनी और 10 साल की बेटी शालू को छत से नीचे फेंका गया है। शालू का इलाज चवल रहा है।