रांची: झारखंड के दो नौनिहाल चीन में आयोजित जूनियर वर्ल्ड ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे। बता दें चीन के बीजिंग शहर में 21 से 25 अगस्त तक आयोजित इस प्रतियोगिता में सरिता कुमारी एवं नारायण महतो भाग लेंगे। इस बारे में बात करते हुए झारखंड साइकलिंग संघ के महासचिव शैलेंद्र पाठक ने कहा कि झारखंड के लिए बहुत ही गर्व की बात है कि कम वर्षों में आज साइकलिंग जैसे खेल में झारखंड के खिलाड़ी वर्ल्ड चैंपियनशिप में भाग ले रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि सरिता कुमारी और नारायण महतो राष्ट्रीय प्रतियोगिता तथा एशियन प्रतियोगिता में भी पदक जीत चुके हैं। बताते चलें कि सरिता कुमारी झारखंड के लोहरदगा जिले की रहने वाली है, वहीं नारायण महतो बोकारो जिला के रहने वाले हैं। ये दोनों खिलाड़ी भारतीय टीम के साथ चीन में होने वाले जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में भाग ले रहे हैं। झारखंड से भाग लेने वाले इन दोनों खिलाड़ियों को इस साइकिलिंग चैंपियनशिप में भाग लेने पर सांसद विजय हंसदा, गिरिडीह डीसी नमन प्रियेश लकड़ा, झारखंड साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष मधुकांत पाठक, झारखंड साइकिलिंग संघ के महासचिव शैलेंद्र पाठक आदि ने बधाई दी है।