संसद के मानसून सत्र का शुक्रवार को 10वां दिन है। I.N.D.I.A के सांसद संसद के बाहर बिहार वोटर वेरिफिकेशन को लेकर हंगामा कर रहे हैं। प्रियंका गांधी भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हैं। सांसदों ने ‘SIR- लोकतंत्र का वार’ का बैनर पकड़ा हुआ है। इसके अलावा ‘NO SIR’ के भी पोस्टर पकड़े हुए हैं। विपक्ष लगातार मांग कर रहा है कि बिहार वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन ( SIR) मामले पर सदन में चर्चा हो।
समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, “बाबा साहब द्वारा दिए गए वोट के अधिकार को भाजपा खत्म करना चाहती है, ये लोकतंत्र पर हमला है। बिहार चुनाव नजदीक है और लाखों लोगों के वोट काटने की प्रक्रिया चल रही है जो लोकतंत्र और इस देश के लिए सही नहीं है… संसद सत्र चल रहा है, इस पर लोकसभा में चर्चा होनी चाहिए… बिहार में वोटों की चोरी हो रही है, लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है इसलिए हम सदन में इसपर चर्चा की मांग कर रहे हैं।”
बिहार में SIR के बीच गोपालगंज में गायब हो गए बीडीओ.. 20 दिन से लापता !
इधर, AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने राज्यसभा में कार्य स्थगन नोटिस पेश किया। उन्होंने अमेरिकी के भारत पर लगाए 25% टैरिफ पर चर्चा की मांग की है। संजय ने राज्यसभा के महासचिव को यह नोटिस सौंपा। गुरुवार को भी संसद के दोनों सदनों में ट्रम्प के भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने और बिहार में SIR को लेकर विपक्ष में हंगामा किया इस वजह से चर्चा नहीं हो पाई थी।