बिहार के सरकारी स्कूलों में छुट्टी का कैलेंडर शिक्षा विभाग ने सोमवार, 27 नवंबर को जारी कर दी है। 2024 के कैलेंडर वर्ष की कुछ छुट्टियों में विभाग ने बदलाव किए हैं। विभाग के अनुसार अब रक्षाबंधन की छुट्टी को खत्म कर दिया गया है। साथ ही महाशिवरात्रि और जन्माष्टमी के दिन भी बिहार के स्कूल खुले ही रहेंगे।
शिक्षा विभाग ने गर्मी की छुट्टी को 20 दिनों से बढ़ाकर 30 दिनों का कर दिया गया है। गर्मी की छुट्टी 15 अप्रैल से 15 मई होगी। हालांकि यह छुट्टी सिर्फ बच्चों के लिए शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्माचारी अन्य दिनों की भांति गर्मी की छुट्टी में भी स्कूल आते रहेंगे। 2024 के कैलेंडर के मुताबिक शिक्षा विभाग ने दिवाली और छठ के बीच की छुट्टी को भी समाप्त कर दिया है। अब दिवाली में एक दिन और छठ में तीन दिनों की छुट्टी रहेगी। तीज और जिउतिया के दिन होने वाली छुट्टी खत्म कर दी गई है। 2023 में तीज की दो और जिउतिया पर एक दिन की छुट्टी थी।
विभाग ने प्राचार्यों को अपने स्तर पर अवकाश घोषित करने पर भी रोक लगा दिया है। अगर ऐसी कोई परिस्थिति होती है, तो प्राचार्यों को मुख्यालय से अनुमति लेनी होगी। विभाग ने अपने आदेश में स्कूलों में वार्षिकोत्सव, गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस और गांधी जयंती के साथ अन्य महापुरुषों की जयंती मनाने का निर्देश दिया है।
आदेश में यह भी कहा गया है कि गुरुवार को भोजनावकाश के बाद अभिभावकों के साथ बैठक एवं बाल संसद आयोजित की जाएगी। वहीं दूसरी ओर उर्दू स्कूलों के लिए अलग व्यवस्था है। इन स्कूलों में साप्ताहिक छुट्टी रविवार की बजाय शुक्रवार को होगी। साथ ही यदि कोई विद्यालय मुस्लिम बाहुल क्षेत्र में अवस्थित हैं और उर्दू विद्यालय की तरह शुक्रवार को साप्ताहिक आवकाश घोषित करना चाहते हैं तो जिलाधिकारी से अनुमति प्राप्त कर घोषित कर सकते हैं। ईद व बकरीद के मौके पर तीन-तीन दिनों की छुट्टी रहेगी। 2023 में ईद पर एक और बकरीद की दो दिनों की छुट्टी थी। होली में दो व दुर्गापूजा में तीन दिनों की छुट्टी रहेगी।






















