बिहार के उभरते क्रिकेट सितारे वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है, जिसने खेल जगत के साथ-साथ शिक्षा जगत में भी चर्चा तेज कर दी है। आक्रामक बल्लेबाजी और कम उम्र में अपनी प्रतिभा से पहचान बना चुके वैभव के बारे में हाल ही में खबर आई थी कि वह इस साल 10वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले हैं। लेकिन अब ताजा जानकारी के अनुसार उन्होंने परीक्षा नहीं देने का फैसला किया है। यह निर्णय उनकी क्रिकेट प्रतिबद्धताओं और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से जुड़े व्यस्त कार्यक्रमों को देखते हुए लिया गया है।
ताजपुर स्थित मॉडेस्टी स्कूल के प्रिंसिपल आदर्श कुमार उर्फ पिंटू ने पुष्टि करते हुए बताया कि वैभव के पिता से बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया। उन्होंने कहा कि वैभव की शैक्षणिक तैयारियां पूरी थीं और परीक्षा से जुड़ी सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी कर ली गई थीं, लेकिन क्रिकेट शेड्यूल इतना व्यस्त है कि परीक्षा देना संभव नहीं हो पाया। यह निर्णय दर्शाता है कि युवा खिलाड़ियों के लिए खेल और पढ़ाई के बीच संतुलन बनाना कितना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
क्या होली के बाद बिहार की राजनीति में एंट्री करेंगे निशांत कुमार..? गया दौरे ने बढ़ाया सस्पेंस
जानकारी के अनुसार वैभव का परीक्षा केंद्र समस्तीपुर के पोड्डार इंटरनेशनल स्कूल में निर्धारित किया गया था। स्कूल के प्राचार्य नील किशोर ने पहले ही पुष्टि कर दी थी कि एडमिट कार्ड जारी हो चुका है और आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित रखे गए थे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि परीक्षा के दौरान वैभव को किसी सेलिब्रिटी या विशेष छात्र की तरह नहीं बल्कि सामान्य परीक्षार्थी की तरह ही शामिल किया जाता, जिससे परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता बनी रहती।
बिहार बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं और उसी केंद्र पर दोनों कक्षाओं के लिए परीक्षा आयोजित की जानी थी। वैभव की लोकप्रियता और बढ़ती फैन फॉलोइंग को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा हुई थी। स्कूल प्रशासन ने एहतियातन स्थानीय प्रशासन को सूचना दी थी और बाहरी सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस को सौंपी जाने की योजना थी, हालांकि प्रबंधन ने साफ कर दिया था कि किसी एक छात्र के लिए अलग से विशेष सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू नहीं किए जाएंगे।
















