बिहार के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा ने बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव सनातन विरोधी नेताओं को लाकर बिहार की संस्कृति को कलंकित कर रहे हैं।
विजय कुमार सिन्हा ने मीडिया में जारी बयान में आरोप लगाया कि राहुल-तेजस्वी अपने आचरण और व्यवहार से ही सनातन विरोधी हैं। इसलिए ये सनातन को अपमानित करने वाले एम के स्टालिन जैसे नेताओं को ‘शो पीस’ के रूप में अपने साथ बिहार घुमा रहे हैं । इससे पहले रेवंत रेड्डी जैसे बिहारी विरोधी मानसिकता रखने वाले व्यक्ति को बिहार दर्शन करा रहे थे। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, “आखिर सनातन विरोधी, बिहार विरोधी सोच रखने वाले लोगों को बिहार घूमने के पीछे राहुल -तेजस्वी का मकसद क्या है। निश्चित रूप से बिहार की जनता इनकी सोच से खुद को अपमानित महसूस कर रही है।
उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा. कि ये दोनों शहजादे आजकल गैरजिम्मेदाराना व्यवहार की पराकाष्ठा पर चले गए हैं। ये लोग जानबूझकर सुरक्षा घेरों को तोड़ते हैं, जिससे कोई अप्रिय घटना घटे और ये लोग उसका ठीकरा सरकार के माथे फोड़ सकें। लेकिन डबल इंजन सरकार की चुस्त कानून-व्यवस्था के कारण ये लोग अपनी गैरजिम्मेदाराना व्यवहार के बावजूद सुरक्षित घूम रहे हैं। सिन्हा ने कहा कि चुनावी पर्यटन के दौरान ये दोनों बयानवीर जिन सड़कों-पुलों से गुजरते हुए बाइक से सैर कर रहे हैं, वे सभी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की डबल इंजन सरकार की ही देन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजद-कांग्रेस के जमाने में तो सड़क-पुल बनाने की जगह अलकतरा बेच कर नेताओं का खजाना भरा जाता था। डबल इंजन की सरकार के प्रयासों के कारण आज राज्य अगले चरण के विकास के लिए‘टेक ऑफ’करने को तैयार है। वहीं ये इंडी गठबंधन वाले लोग बिहार और बिहारियों को सकर्स की तरह चलाने की सोच रखने वाले लोग हैं।





















