भाजपा की प्रवक्ता नुपुर शर्मा की विवादित टिप्पणी के बाद बवाल जारी है। पार्टी ने तो नुपुर शर्मा को निलंबित करने की सजा दी है। नुपुर शर्मा खुद बिना शर्त अपना बयान वापस भी ले चुकी हैं। लेकिन विरोधी उन्हें बख्शने के मूड में नहीं है। कभी भाजपा की सहयोगी रही विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उनको निलंबित करने और निकालने से काम नहीं चलेगा बल्कि उनको सख्त कानूनों के तहत जेल भेजना चाहिए।
‘सभी धर्मों का सम्मान जरुरी’
वीआईपी नेता ने सोमवार को कहा कि देश में सभी धर्मों का सम्मान जरूरी। किसी भी धर्म के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं। इस मामले में भाजपा को सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा अपने लोगों पर सख्ती से शिकंजा कसे। केवल उनको सस्पेंड व निकालने से काम नहीं चलेगा बल्कि उनको सख्त कानूनों के तहत जेल भेजना चाहिए। आगे देव ज्योति ने कहा कि नुपुर शर्मा के बयानों से कानपुर में सामाजिक समरसता टूटती नजर आई। उन्होंने कहा कि उनके बयानों के कारण ही विश्व स्तर पर भी भारत की छवि को नुकसान पहुंचा है।




















