Bihar Politics: बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। महागठबंधन में अभी सीट बंटवारा तो नहीं हुआ है लेकिन विकासशील इंसान पार्टी (VIP) ने अपने इरादे साफ कर दिए हैं। पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी ने सोमवार को आधिकारिक तौर पर ऐलान किया कि उनकी पार्टी राज्य की 243 में से 60 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।
मुकेश सहनी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “विकासशील इंसान पार्टी, 2025 में 60 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। शेष सभी सीटों पर हमारे सहयोगी दलों के प्रत्याशी मैदान में होंगे।” उनके इस बयान को महागठबंधन के भीतर VIP की महत्वाकांक्षा और आत्मविश्वास के तौर पर देखा जा रहा है।
हाल ही में सहनी ने पटना में आयोजित एक समारोह के दौरान महागठबंधन के नेता तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का भावी चेहरा बताया था। उन्होंने कहा, “2025 में हमारी सरकार बनेगी और बिहार के अगले मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव होंगे। इसमें उपमुख्यमंत्री बिहार के अतिपिछड़ा समाज से, मल्लाह समाज का बेटा होगा।”
इतना ही नहीं उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने हमारे 4 विधायकों को खरीदा, 2025 में निषाद समाज उसका हिसाब चुकता करेगा। निषाद समाज दिखाएगा कि विश्वासघात का क्या नतीजा होता है! जब हम 2025 में उन्हें बिहार की सत्ता से उखाड़ फेंकेंगे!