राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का आज (बुधवार, 27 अगस्त) 11वां दिन है। आज यात्रा दरभंगा से होते हुए यह मुजफ्फरपुर जाएगी और फिर सीतामढ़ी पहुंचेगी. सीतामढ़ी में मां जानकी मंदिर जाकर प्रियंका गांधी पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद यात्रा यहीं पर रात्रि विश्राम भी करेगी। वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद और लोकसभा में प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी ने बहन प्रियंका गांधी वाड्रा और राजद नेता तेजस्वी यादव के साथ दरभंगा से सियासी शक्ति प्रदर्शन का आगाज किया।
37% अति पिछड़ा समाज के लोगों को टिकट देंगे मुकेश सहनी.. वोटर अधिकार यात्रा में कर दिया बड़ा ऐलान
जीवछ घाट से यात्रा की शुरुआत हुई और जैसे ही काफिला NH-27 पर पहुंचा, माहौल जश्न में बदल गया। राहुल गांधी बुलेट पर सवार थे और पिछली सीट पर प्रियंका गांधी बैठी थीं, जबकि तेजस्वी यादव ने भी बुलेट संभाल ली। यह काफिला दरभंगा के विभिन्न चौक-चौराहों से होते हुए मुजफ्फरपुर जिले में दाखिल हो गया और देर शाम सीतामढ़ी पहुंचेगा।
यात्रा में कांग्रेस और राजद नेताओं के अलावा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और डीएमके की सांसद कनीमोझी भी शामिल हैं। डीएमके प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के साथ राहुल गांधी ने सेल्फी ली। इसमें प्रियंका गांधी के साथ राजद नेता तेजस्वी यादव और महागठबंधन के सभी घटक दलों के नेता नजर आ रहे हैं।
दरभंगा में यात्रा की शुरूआत करते हुए महागठबंधन के नेताओं ने पदयात्रा की। इसके बाद यह यात्रा मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हो गई। वोटर अधिकार यात्रा आज सीतामढ़ी पहुंचने वाली है। इस यात्रा को लेकर सीतामढ़ी में तैयारियां जोरो पर चल रही और इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। सीतामढ़ी मुख्यालय स्थित पैरेड मैदान को विश्राम स्थल बनाया गया है। सीतामढ़ी के रुन्नी सैदपुर में महागठबंधन की ओर से एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया है। इस रैली को राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, तेजस्वी यादव और अखिलेश यादव संबोधित करेंगे।