RANCHI : भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा रांची महानगर एवं रांची ग्रामीण के द्वारा आज संविधान गौरव यात्रा का आयोजन रांची के तपोवन मंदिर से लेकर पुराने हाईकोर्ट के अंबेडकर प्रतिमा तक निकाली गई। कार्यक्रम में सैकड़ो की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। वहीं मौके पर नेता प्रतिपक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमर कुमार बाउरी ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम के बाद उपस्थित सभी लोगों ने संविधान दिवस के अवसर पर संविधान की रक्षा के लिए सभी को शपथ दिलाई गई।
मौके पर उन्होंने कहा कि भारत की आजादी के लिए लाखों लोगों ने अपनी कुर्बानी दी, तब जाकर हमें स्वतंत्रता प्राप्त हुई, लेकिन सही तौर पर हमें स्वतंत्रता उस दिन मिली जब हमे हमारा संविधान मिला। संविधान की जिम्मेदारी बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को दिया गया। उन्होंने सभी व्यक्ति को एक समान अधिकार देकर एक समृद्ध और कुशल समाज की स्थापना की। आज संविधान के कारण ही एक साधारण व्यक्ति भी प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति के पद पर नियुक्त हो सकता है। यही ताकत संविधान से हमें मिलती है।




















