बीजेपी के वरिष्ठ नेता व प्रदेश के पूर्व मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि राजद के लोग दिन में हसीन सपने देख रहे हैं। उनके सपने अधूरे ही रहेंगे। शाहनवाज ने दावा करते हुए कहा, “नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए बहुमत प्राप्त करेगी। राजद और कांग्रेस अपनी फिक्र करें। अपने-अपने विधायकों को कैद कर रखे हुए हैं और हमारे विधायक प्रशिक्षण ले रहे हैं, यही अंतर है। नीतीश कुमार कार्यकाल पूरा करेंगे। जिस दिन बहुमत हम लोग प्राप्त करेंगे, उसी दिन सब के सब दंग रह जाएंगे। हमारे साथ जो संख्या है अभी,फ्लोर टेस्ट के दिन उससे भी ज्यादा होंगे।”
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि गृह मंत्री सही कह रहे हैं कि राहुल गांधी झूठ बोलते हैं, जिस तरह पीएम नरेंद्र मोदी के जाति के बारे में कहा, वह दुर्भाग्य पूर्ण है। इस तरह की भाषा बोल अपनी राजनीति चमकाने का प्रयास कर रहे हैं। इससे एक बात साफ हो गई कि राहुल गांधी भ्रम की राजनीति करते हैं।
वहीं उन्होंने सीएए कानून पर कहा कि सीएए नागरिकता देने वाला कानून है, जो हिंदू समाज के लोग बांग्लादेश, पाकिस्तान व अन्य देशों में जिनका धर्म खतरे में है। वह भारत आते हैं तो उन्हें सीएए कानून के तहत नागरिकता दी जाती है, चाहे वह इसाई हो, हिंदू हो, सिख हो या अन्य हो। लेकिन किसी मुसलमान का धर्म के वजह से कहीं भी रहना मुश्किल नहीं है। वह सिर्फ सीएए कानून के बारे में भ्रम पैदा कर रहे हैं।




















