बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) को उपराष्ट्रपति बनाए जाने की अटकलों पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, “अगर किसी बीजेपी विधायक ने यह मांग की है, तो हम उनका स्वागत करते हैं। लेकिन सबसे अहम बात यह है कि हमारे नेता खुद क्या चाहते हैं, यह निर्णय उन्हीं का है।”
अशोक चौधरी ने बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान विपक्षी विधायकों द्वारा किए गए प्रदर्शन पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “विधानसभा की कार्यवाही के लिए एक प्रोटोकॉल होता है। लेकिन जिस तरह से विपक्षी सदस्य मशाल लेकर हाथ चला रहे हैं और आक्रामकता दिखा रहे हैं, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। अगर थोड़ा संख्या बल बढ़ गया तो क्या विधानसभा को इस तरह से अस्थिर किया जाएगा?”
सेहत या सियासत… Jagdeep Dhankhar के इस्तीफे पर Tejashwi Yadav ने उठाया सवाल, बोले- नीतीश के साथ भी ?
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव के इस्तीफे की खबरों को लेकर अशोक चौधरी ने कहा कि फिलहाल उन्हें कोई इस्तीफा दिए जाने की जानकारी नहीं है। जब वे इस्तीफा देंगे, तभी इस पर कोई प्रतिक्रिया दी जा सकती है।
वोटर लिस्ट विवाद पर अशोक चौधरी ने कहा, “कई जिलों में आबादी से ज्यादा आधार कार्ड पाए गए हैं, जो संदेहास्पद है। चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि फर्जी नाम हटाए जाएं और सही नागरिक ही मतदान करें। इसमें गलत क्या है?” हाल ही में बिहार में हुए पुलिस एनकाउंटर पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि “पुलिस और कानून अपना काम कर रहे हैं।” उन्होंने इसे न्याय प्रक्रिया का हिस्सा बताया।