शहर से लेकर गांव तक सुहागिन महिलाएं आज पति की लंबी उम्र की कामना के लिए वट सावित्री की पूजा कर रही हैं। राजधानी पटना में भी अखंड सौभाग्य की कामना को लेकर महिलाएं वट सावित्री पूजन कर रहीं हैं। वट सावित्री पूजा में बड़े ही उत्साह के साथ ब्याहता महिलाएं भाग ले रही है। विभिन्न मंदिरों के पास स्थित बरगद के पेड़ के पास सुहागिनें इकट्ठा हुई और वट वृक्ष में कच्चा सूत लपेटकर अपने अपने पति की लंबी उम्र की कामना की। इस अवसर पर सुहागिनों को कथा सुनाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

यमराज और माता सावित्री की पूजा
यह व्रत पति के दीर्घायु होने के लिए ही किया जाता है। हिंदू पंचांग के अनुसार हर वर्ष जेष्ठ माह की अमावस्या और पूर्णिमा तिथि को ये पूजा की जाती है। आज के दिन विवाहित महिलाएं यमराज और माता सावित्री की पूजा करती हैं। साथ ही माता सावित्री के निमित्त व्रत भी रखती हैं। ऐसी धार्मिक मान्यता है कि वट सावित्री व्रत करने से विवाहित स्त्रियों को सुख और सौभाग्य की प्राप्ति होती है। वट सावित्री व्रत पर सुहागिन निर्जला उपवास कर डलिया और फलों से पूजा करती हैं। पति की लंबी उम्र की कामना को लेकर किए जाने वाले वट सावित्री व्रत का महिलाओं को साल भर इंतजार रहता है।