Patna News: पटना स्थित कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार को सेना के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय सेना के वीर जवानों को सम्मानित करना और उनके योगदान के प्रति आभार प्रकट करना था। हालांकि, आयोजन के दौरान अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई, जब बैठने की व्यवस्था को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच बहस छिड़ गई।

जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आमंत्रित अतिथि शामिल हुए थे, जिससे जगह की कमी हो गई। इसी बीच जब कुछ जवानों के लिए बैठने की जगह नहीं मिली, तो कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने तत्काल कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे अपनी सीट छोड़कर सेना के जवानों को बैठने दें।

शकील अहमद की इस अपील के बावजूद एक कार्यकर्ता ने विरोध करते हुए उनसे बहस शुरू कर दी। उसने उल्टा नेताओं पर ही बदइंतजामी का आरोप लगाते हुए कहा कि, “आपको पहले से इंतजाम कर लेना चाहिए था। अब हमसे सीट छोड़ने को क्यों कहा जा रहा है?” इस अप्रत्याशित विवाद के चलते कार्यक्रम का माहौल कुछ देर के लिए असहज हो गया।
हालांकि, शकील अहमद खान ने स्थिति को संभालते हुए सभी से संयम बरतने और सेना के सम्मान को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा, “यह कार्यक्रम हमारी सेना के सम्मान में है, किसी राजनीतिक प्रदर्शन का मंच नहीं। सभी कार्यकर्ताओं को अनुशासन का पालन करना चाहिए।”बाद में स्थिति सामान्य हुई और कार्यक्रम तय रूप से आगे बढ़ा। लेकिन यह घटना एक बार फिर आयोजनों में सही व्यवस्था और अनुशासन के महत्व को उजागर कर गई।