RANCHI: राजधानी में दो अलग-अलग थाना क्षेत्र से दो व्यक्तियों के शव मिले है। लालपुर थाना क्षेत्र के जेल चौक के पास से छोटू वर्मा नाम के एक युवक का शव बरामद किया गया है। वहीं कांके डैम से भी एक शव मिला है,जिसकी पहचान 65 वर्षीय बुजुर्ग बिरसा मुंडा के रूप में हुई है। पहली घटना लालपुर थाना क्षेत्र के जेल चौक की है। जहां लालपुर पुलिस को सूचना दी गई थी कि फुटपाथ पर एक युवक मृत पड़ा है। लालपुर थाना पुलिस जब छानबीन के लिए पहुंची तब पता चला कि युवक की मौत करंट लगने से हुई है। उसके शरीर पर कई जगह जलने के निशान है।
बताया गया कि छोटू वर्मा सड़क पर लगे होर्डिंग्स के लोहे को निकाल कर ले जाता था। बुधवार की देर रात भी वह होर्डिंग्स में लगे लोहे को निकाल रहा था। जेल चौक पर लगे सीसीटीवी फुटेज को भी पुलिस ने चेक करवाया। गुरुवार की सुबह कांके डैम से भी एक शव बरामद किया गया है। मछुआरों ने पुलिस को सूचना दी थी।उसके बाद गोंदा थाने की टीम कांके डैम पहुंचकर शव को काफी मशक्कत के बाद डैम से बाहर निकाला। वह बुधवार सुबह से घर से लापता थे।
पहाड़ के नीचे मिला था युवक का शव
नामकुम थाना क्षेत्र से पुलिस ने पांच दिन से लापता युवक का शव 19 जुलाई को बरामद किया था। मामला नामकुम थाना क्षेत्र के जामचुआं का है। बुधवार की सुबह पहाड़ के नीचे से युवक का शव मिला था। लोगों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी थी। जिसकी पहचान राजू कच्छप के रूप में हुई। वह जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के कोयनर डीबडीह का रहने वाला था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और जांच में जुट गई। आशंका जताई जा रही है कि युवक की ह’त्या कर उसके शव को फेंक दिया गया। युवक जामचुआं स्थित अपने जीजा के घर बीते 14 जुलाई को आया था। जिसके बाद वह अपने घर नहीं लौटा और ना ही उसकी कोई खबर घरवालों को मिली।