केरल के वायनाड में तेज बारिश की वजह से सोमवार देर रात 4 अलग-अलग जगहों पर लैंडस्लाइड हुई। इसमें 4 गांव बह गए हैं। इस दौरान घर, पुल, सड़कें और गाड़ियां भी बह गईं। अब तक 45 लोगों की मौत हो चुकी है। 70 अस्पताल में हैं, जबकि 400 से ज्यादा लोगों के लापता होने की खबर है। घटना देर रात 2 बजे की है।
इस हादसे के बाद राहत कार्यों के संचालन के लिए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के जवान लगे हुए हैं। लगभग 250 जवानों को कन्नूर से वायनाड भेजा गया है। राहत कार्य के लिए एयरफोर्स के दो हेलिकॉप्टर भी लगे हुए हैं। आपको बता दें कि वायनाड के 4 गांव- मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टामाला और नूलपुझा में लैंडस्लाइड की घटना हुई है। संयोग यह है कि 5 साल पहले 2019 में भी इन्हीं गांवों में लैंडस्लाइड हुआ था। तब 17 लोगों की मौत हुई थी और 5 लोगों का कोई सुराग नहीं लगा। लेकिन इस बार इस घटना का स्वरूप और भयावह है।