लोकसभा चुनाव में लगातार मिल रही हार के बाद कांग्रेस ने बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बिहार-झारखंड समेत कई राज्यों के प्रभारियों को बदलते हुए कृष्णा अल्लावरु को बिहार कांग्रेस का नया प्रभारी नियुक्त किया है। इस बदलाव को आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है, जहां कांग्रेस अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश में जुटी है।
यह भी पढ़ें : CBSE Exam 2025: सख्त निगरानी में आज से शुरू, 44 लाख से अधिक छात्र देंगे परीक्षा
बीते कुछ महीनों में कांग्रेस को महाराष्ट्र, हरियाणा और दिल्ली में करारी हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली में लगातार तीसरे चुनाव में कांग्रेस को कोई सीट नहीं मिली है। लोकसभा चुनाव में भी दिल्ली में कांग्रेस का खाता नहीं खुला। ऐसे में संगठन में नई ऊर्जा भरने के लिए बदलाव की मांग तेज हो रही थी।
पार्टी ने इस मुद्दे को लेकर शुक्रवार को एक अहम बैठक की, जिसके बाद कई राज्यों के प्रभारियों को बदला गया। बिहार कांग्रेस के प्रभारी रहे भक्त चरण दास को हटाकर कृष्णा अल्लावरु को जिम्मेदारी दी गई।
अखिलेश सिंह ने दी बधाई, चुनावी रणनीति पर फोकस
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कृष्णा अल्लावरु को बधाई देते हुए कहा कि “यह बदलाव बिहार में कांग्रेस को मजबूती देगा। चुनावी साल में संगठन को नया नेतृत्व मिलेगा, जिससे पार्टी को लाभ होगा।”
बिहार विधानसभा चुनाव पर कांग्रेस की नजर
बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और राजनीतिक दलों ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। पिछले एक महीने में राहुल गांधी दो बार बिहार का दौरा कर चुके हैं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी की थी। इसके बाद नए प्रभारी की नियुक्ति को चुनावी रणनीति के अहम हिस्से के रूप में देखा जा रहा है।