केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय (Nityanand Rai) बुधवार को बिहार की राजधानी पटना पहुंचे, जहां उन्होंने राज्य और देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के हालिया बयान पर पलटवार किया। उन्होंने तेजस्वी यादव को उनकी सरकार के कार्यकाल के काले कारनामों की याद दिलाते हुए उन्हें खुली चुनौती दी।
‘किसी भी परिस्थिति में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे यह तय है’
नित्यानंद राय ने कहा कि तेजस्वी यादव ने हाल ही में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस्तीफा मांगने की बात कही और यह आरोप लगाया कि बिहार में कोई विकास नहीं हो रहा है। मैं उनसे पूछता हूं कि जब उनके माता-पिता मुख्यमंत्री थे, तब बिहार का क्या हाल था? नित्यानंद राय ने राजद के 15 वर्षों के शासन को ‘जंगलराज’ करार देते हुए कहा कि उनके शासन में अपराधियों को संरक्षण मिलता था। महिलाओं, व्यापारियों, किसानों, डॉक्टरों और छोटे दुकानदारों तक का अपहरण किया जाता था। इस दौरान एक किसान का अपहरण हुआ और उस किसान से एक जोड़ा बैल तक मांग लिया गया। क्या यह सब राजद के शासनकाल में नहीं हुआ?
स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव खोखली इबारत नहीं.. संसद में किस पर भड़क गए RJD सांसद मनोज झा?
उन्होंने तेजस्वी यादव को खुली चुनौती देते हुए कहा, ‘अगर आपको राजद के शासनकाल पर कोई गर्व है तो आप यह चुनौती स्वीकार करें। पटना के गांधी मैदान से लेकर बिहार के हर गांव और खेत-खलिहान तक, मैं एनडीए और मोदी सरकार के 20 वर्षों का हिसाब देने के लिए तैयार हूं। क्या आप अपने माता-पिता के 15 वर्षों के शासनकाल का हिसाब देने के लिए तैयार हैं? अगर हिम्मत है तो सामने आइए और इसका जवाब दीजिए। एनडीए के कार्यकर्ता और मोदी जी के समर्थक आज आपको यह चुनौती देते हैं कि आप अपने शासनकाल का हिसाब दें। हम पक्का हिसाब देने के लिए तैयार हैं।’
वहीं, केंद्र और नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए नित्यानंद राय ने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार ने महिलाओं के उत्थान और उनके रोजगार के लिए कई योजनाएं बनाई हैं। बिहार सरकार ने भी महिलाओं के लिए कई योजनाएं चलाई हैं। केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से बिहार की महिलाओं को रोजगार मिला है और उनका जीवन बेहतर हुआ है।