बिहार में पुलिस कर्मियों पर हमले थमने का नाम नहीं ले रहा है। अररिया, मुंगेर के बाद अब मधुबनी जिले में पुलिस पर हमला हुआ है। पुलिस को जान बचाकर भागना पड़ा। दरअसल, मधुबनी जिले में भूमि विवाद के चलते एक ही समुदाय में हिंसक झड़प हो गई। हिंसक झड़प के बीच उपद्रवियों ने बिहार पुलिस पर ही पथराव कर दिया। ये मामला खुटौना थाना क्षेत्र के परसाही गांव का है। गांव में दो गुटों के बीच पिछले दो-तीन महीनों से चल भूमि विवाद चल रहा है।
शनिवार सुबह जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते गांव रणभूमि में तब्दील हो गया। सूचना मिलते ही खुटौना पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया लेकिन स्थिति बेकाबू हो गई। एक पक्ष ने पुलिस टीम पर ही लाठी और पत्थरों से हमला कर दिया। किसी तरह वहां से पुलिस जान बचाकर भागी। इस हमले में कई पुलिस कर्मियों को मामूली चोटें आई हैं, हालांकि कोई गंभीर रूप से हताहत नहीं हुआ है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खुटौना थाना अध्यक्ष नीतीश कुमार ने अनुमंडल के सभी थानों को सूचना दी। जिसके बाद लौकहा थाना , ललमनियां , फुलपरास , लौकही थाना से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गई। इसके बाद गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस शरारती तत्वों और पथराव करने वाले लोगों की पहचान में जुटी हुई है।
फुलपरास एसडीपीओ सुधीर कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस पर हमला करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इधर, खुटौना पुलिस ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। पुलिस प्रशासन हालात पर कड़ी नजर बनाए हुए है।