बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने बड़ा बदलाव करते हुए अखिलेश प्रसाद सिंह (Akhilesh Prasad Singh) को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाकर बिहार की कमान राजेश कुमार को दे दी है। दरअसल कांग्रेस ने हाल ही में बिहार प्रभारी को बदलने के बाद अब प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह को भी पद से हटा दिया है। इसे लेकर बिहार की राजनीति खास कर कांग्रेस में काफी हलचल मची हुई है। इन सब के बीच अखिलेश सिंह के बेटे आकाश कुमार की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। आकाश कुमार ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर कांग्रेस पर निशाना साधा है।
‘तो मैं सदन आना छोड़ दूंगा..’ शराबबंदी को लेकर RJD विधायक ने CM नीतीश के मंत्री को किया चैलेंज

आकाश ने अपनी पोस्ट में रामधारी सिंह दिनकर की मशहूर कविता की एक पंक्ति लिखी है, “जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है”। हालांकि उन्होंने किसी का नाम तो नहीं लिया है, लेकिन साफ तौर पर जाहिर है कि यह लाइन कांग्रेस के जरिए अखिलेश सिंह को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने के फैसले पर लिखी गई है, जिसमें आकाश कुमार की नाराजगी साफ झलक रही है।

इधर, अखिलेश सिंह ने भी एक्स पर पोस्ट लिखा है। हालांकि उन्होंने कोई नाराजगी नहीं जताई है। बल्कि नए प्रदेश अध्यक्ष को बधाई देते हुए पार्टी का शुक्रिया अदा किया है। उन्होंने लिखा है- मैं श्रीमती सोनिया गांधी जी, श्री राहुल गांधी जी, श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी व श्री केसी वेणुगोपाल जी का आभारी हूँ कि उन्होंने मुझ पर भरोसा रखते हुए बिहार जैसे राज्य की जिम्मेदारी दी थी। मेरी श्री राजेश कुमार जी को अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं। मुझे उम्मीद है कि उनके नेत्तृव में बिहार में कांग्रेस पार्टी नई बुलंदी हासिल करेगी।