आज दो दिन बाद बिहार विधान परिषद की कार्यवाही शुरू होते ही, एक बार फिर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राष्ट्रगान के अपमान का मुद्दा उठा। राजद सदस्य सुनील सिंह ने यह मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रगान का अपमान किया है। ऐसे में इस मुद्दे पर चर्चा होनी चाहिए। सभापति अवधेश नाराय़ण सिंह ने कहा कि आप बिहार को बदनाम करना चाहते हैं। बड़ी मुश्किल से बिहार की प्रतिष्ठा बढ़ी है, एक बार फिर से प्रतिष्ठा गिराना चाहते हैं?

इस पर राजद सदस्य सुनील सिंह ने कहा कि मैं नहीं बल्कि मुख्यमंत्री बिहार की प्रतिष्ठा गिरा रहे। सभापति ने कहा कि इस मुद्दे पर अब कोई चर्चा नहीं होगी। इससे पहले शुक्रवार को बिहार विधानमंडल की कार्यवाही शुरू होते ही दोनों सदनों में विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। राष्ट्रगान के अपमान को लेकर विपक्षी सदस्य सीएम नीतीश कुमार से इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
भारी शोर-शराबे के बीच विधानसभा की कार्यवाही 10 मिनट भी नहीं चल पायी। विधान परिषद की कार्यवाही भी महज 8 मिनट में स्थगित कर दी गयी। बजट सत्र में ऐसा पहली बार हुआ है कि सदन की कार्रवाई फर्स्ट हाफ में स्थगित करनी पड़ी। दरअसल, 20 मार्च को राष्ट्रगान के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अजीब तरह की हरकत करने का वीडियो सामने आया था। इसके बाद विपक्ष ने इसे बड़ा मुद्दा बना लिया है।