बिहार चुनाव से पहले दिल्ली में बिहार के एनडीए सांसदों की बैठक हुई। ये अहम बैठक भारतीय जनता पार्टी के सांसद संजय जायसवाल के घर पर हुई। इस बैठक में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल हुए थे। वहीं गिरिराज सिंह, चिराग पासवान, ललन सिंह और जीतन राम मांझी समेत बिहार एनडीए के लगभग सभी सांसद मौजूद रहें। बैठक में जेपी नड्डा ने एनडीए नेताओं से कहा कि हम सब मिलकर चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे।

बैठक में किस मुद्दे पर हुई बात
भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव में विपरीत परिस्थितियों के बावजूद भी अच्छा परिणाम निकला। 2025 के विधानसभा चुनाव के बाद फिर एनडीए की सरकार बने, इसके लिए बिहार सीएम नीतीश कुमार की अगुवाई में मिलकर हमें काम करना है। पीएम मोदी का भागलपुर का दौरा बेहद सफल रहा था। अब अगले महीने पीएम मोदी को मधुबनी में कार्यक्रम है, उसे भी भागलपुर जैसे ही सफल बनाना है।
कन्हैया कुमार की यात्रा में हाथों में जंजीर पहनकर पहुंचे युवा.. बोले- नौकरी के नाम पर हो रहा धोखा
RLM के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार NDA बैठक पर कहा, “यह आपस में मिलने-जुलने का कार्यक्रम है। चुनाव के समय जब राजनीतिक लोग मिलते हैं तो स्वाभाविक रूप से उस संदर्भ में चर्चा हो सकती है… हम सभी चुनाव की तैयारियों में लगे हैं। बिहार में NDA की मौजूदा स्थिति के सामने कोई गठबंधन टिकने वाला नहीं है… सभी चीजे तय है और इसी के आधार पर हम चुनाव जीतेंगे।”

वहीं बिहार एनडीए की बैठक पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि बैठक का कोई खास उद्देश्य नहीं है। संसद सत्र चल रहा है, ये चुनावी साल है। सारी रणनीति तय होगी। क्या रणनीति होगी, किस सोच के साथ चुनाव में जाएंगे, सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने कैसे पेश करेंगे, सीट शेयरिंग पर, इन सभी मुद्दों पर चर्चा हुई है। इस बार ऐतिहासिक जीत होगी। हमें 225 से ज्यादा सीटें मिलेंगी।