राजद नेता तेजस्वी यादव की मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी से मुलाकात पर बिहार में सियासी पारा हाई है। भाजपा की ओर से इस मुलाक़ात पर प्रतिक्रिया आई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि इन लोगों का गठबंधन बेमेल गठबंधन है। दोनों तराजू पर मेंढक की तरह हैं। एक इधर से उछाल के जाएगा, एक उधर से उछाल कर चला जाएगा। दोनों का एजेंडा एक दूसरे का कद कम करना है।
उन्होंने कहा कि RJD कभी नहीं चाहेगी कि कांग्रेस बिहार में फिर से अपना आधार बढ़ाए और कांग्रेस चाहती है कि मैं बिहार में RJD का बड़ा भाई बना रहूं। यह दोनों के बीच आंख मिचौली का खेल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यहां बड़ी भूमिका में आना चाहती हैं, लेकिन राष्ट्रीय जनता दल कभी उन्हें बड़ी भूमिका में आने नहीं देना चाह रहा है, इसलिए इसे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है।\
बिहार में बदलाव निश्चित.. राजद-कांग्रेस की बैठक के बाद क्या बोले खरगे-तेजस्वी
वहीं बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने RJD-कांग्रेस की बैठक पर कहा कि कोई चुनौती नहीं है। पूरा UPA, पूरा INDI गठबंधन लड़ेगा तब भी नीतीश कुमार ही बिहार के मुख्यमंत्री रहेंगे। और बिहार में फिर से एनडीए की सरकार बनेगी।
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव पर चर्चा के लिए राजद नेता तेजस्वी यादव, संजय यादव और मनोज झा ने राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। दिल्ली में यह बैठक काफी कम समय तक चली। कहा जा रहा है कि कांग्रेस और आरजेडी नेताओं की बैठक करीब एक घंटे तक चली। बैठक में क्या बातें हुईं यह तो खुलासा नहीं हो सका है हालांकि तेजस्वी यादव दावा जरूर कर रहे हैं कि बैठक साकारात्मक रही है। बैठक से बाहर निकलने के बाद तेजस्वी ने कहा कि बैठक में तमाम तरह की बातों पर चर्चा हुई है।