देश की सीमा पर बिहार का एक और जवान शहीद हो गया है। नवादा जिले के रूपौ थाना के अंतर्गत पाण्डेय गंगौट गांव निवासी भारतीय सेना के जवान मनीष कुमार के जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान शहीद होने की खबर मिली है। वे लगभग 22 वर्ष के थे। उनके निधन की दुःखद खबर के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक के पिता,माता,पत्नी सहित अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।
गौरतलब हो कि मनीष कुमार चार भाई थे। चार भाई में तीन भाई फौज में हैं। शहीद मनीष कुमार की शादी दो महीने पूर्व हुई थी। आज सुबह चाची के मोबाइल पर शहीद होने की खबर मिली है। फिलहाल रुपौ थानाध्यक्ष ललन कुमार शहीद मनीष कुमार के गांव पाण्डेय गंगौट मृतक के परिजनों को संतावना देने पहुंचे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अशोक राम के पुत्र मनीष कुमार जम्मू कश्मीर के कारगिल में पदस्थापित थे एवं ड्यूटी के दौरान ही उनकी मौत हो गई। फिलहाल उनके निधन के ठोस कारणों का पता नहीं चल पा रहा है। ऑपरेशन सिन्दूर के बाद पाकिस्तान की तरफ से हो रही गोलीबारी में अब तक बिहार के चार जवान शहीद हो चुके हैं। छपरा के मोहम्मद इम्तियाज़, सीवान के राम बाबू सिंह, नालंदा के सिकंदर राउत और अब नवादा के मनीष कुमार के शहीद होने की भी खबर सामने आ रही है।