पटना में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में प्रशांत किशोर ने पूर्व सांसद उदय सिंह को जनसुराज का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है। उदय सिंह उर्फ़ पप्पू सिंह पूर्णिया लोकसभा सीट से दो बार भाजपा के सांसद रह चुके हैं और उन्होंने 2019 में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा, लेकिन उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ रहे पप्पू यादव का समर्थन किया था, जिसके चलते पप्पू यादव पूर्णिया से निर्दलीय चुनाव जीते थे।
अब प्रशांत किशोर ने पप्पू सिंह को पार्टी में बड़ी जिम्मेवारी सौंप दी है। पटना में आयोजिक प्रेस वार्ता के दौरान प्रशांत किशोर ने जन सुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर पप्पू सिंह के नाम का एलान किया। पीके ने कहा कि पार्टी के 150 सदस्यों की कोर कमेटी ने बहुमत से नहीं बल्कि सर्वसम्मति से तय किया है कि उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह जन सुराज पार्टी के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे।
बता दें कि पप्पू सिंह जन सुराज के स्थापना काल से ही खुलकर पार्टी सुप्रीमो प्रशांत किशोर का साथ देते आ रहे हैं। उन्होंने न केवल पार्टी का समर्थन किया है, बल्कि पटना में प्रशांत किशोर को पार्टी चलाने के लिए शेखपुरा हाउस भी दिया है। साथ ही, पटना में प्रशांत किशोर के आमरण अनशन के दौरान लग्जरी गाड़ी की चर्चा हुई थी, वह भी गाड़ी पप्पू सिंह की ही थी। इसके अलावा, जब भी प्रशांत किशोर सीमांचल दौरे पर आते हैं, तो पूर्णिया स्थित उदय सिंह के निजी आवास पर ही रुकते हैं।