जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय झा (Sanjay Jha) के नेतृत्व वाले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का तीन दिवसीय जापान दौरा वहां के विदेश मंत्री, प्रमुख नेताओं, राजनयिकों, मीडिया और भारतीय समुदाय के साथ सार्थक संवाद के साथ शनिवार को संपन्न हो गया। इस दौरान आतंकवाद के प्रति भारत की जीरो टॉलरेंस की नीति को स्पष्ट एवं ठोस समर्थन मिला।

जापान यात्रा की जानकारी अपने सोशल मीडिया पर साझा करते हुए संजय कुमार झा ने लिखा, हमारे सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने 22 मई को जापान यात्रा की शुरुआत टोक्यो के एडोगावा में स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर की। गांधी जी का शांति और सत्य का संदेश आज भी विश्व के लिए मार्गदर्शक बना हुआ है। हमने इस यात्रा का समापन 24 मई को टामा स्मृति स्थल, टोक्यो में भारत के महान क्रांतिकारी रास बिहारी बोस को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। रास बिहारी बोस ने जापान को अपनी कर्मभूमि बनाया था और 25 मई को उनकी जयंती है।
श्री संजय कुमार झा ने लिखा, इसके जरिये हमारे प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट संदेश दिया है कि भारत गांधी के शांति मार्ग का अनुकरण करता है, लेकिन जब शांति को चुनौती मिलती है, तो रास बिहारी बोस जैसी निर्भीक चेतना के साथ प्रतिक्रिया देना भी जानता है। भारत के लिए अहिंसा एक विकल्प है, विवशता नहीं। यदि आतंकवाद शांति को ललकारेगा, तो भारत एकजुट होकर उसका सशक्त प्रतिकार करेगा ही।
आज भारत है, कल आप हो सकते हैं.. पाकिस्तान के आतंकवाद पर जापान में बोले जेडीयू सांसद संजय झा
श्री संजय कुमार झा ने बताया कि तीन दिवसीय जापान दौरे के दौरान उनके प्रतिनिधिमंडल ने जापान के अनेक शीर्ष राजनेताओं एवं नीति निर्माताओं, मीडिया और भारतीय समुदाय के लोगों के साथ व्यापक संवाद किया। इस दौरान विदेश मंत्री ताकेशी इवाया, पूर्व प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा, राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के अध्यक्ष ताकाशी एंडो, तथा हाउस ऑफ रिप्रज़ेंटेटिव्स के अध्यक्ष फुकुशिरो नुकागा से सार्थक मुलाकात हुई। साथ ही, जापान-भारत संसदीय मैत्री संघ के सदस्यों, जापानी संसद (नेशनल डाइट) के अनेक सांसदों, लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी की काउंटर-टेररिज्म कमेटी के कार्यवाहक अध्यक्ष यासुहिरो हनाशी, पूर्व रक्षा मंत्री मिनोरू किहारा और अंतरराष्ट्रीय ब्यूरो की महानिदेशक सुश्री शिनाको त्सुचिया से भी रचनात्मक वार्ताएं हुईं।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद के प्रति भारत की नीति के संबंध में टोक्यो के प्रमुख थिंक टैंकों, जापान में कार्यरत कई देशों के राजदूतों एवं राजनयिकों और भारतीय प्रवासी समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ भी उद्देश्यपूर्ण संवाद हुआ। संजय झा ने कहा कि हमने हर मंच पर आतंकवाद के प्रति भारत की जीरो टॉलरेंस पॉलिसी को दोहराया और पाकिस्तान द्वारा सीमापार आतंकवाद को संरक्षण देने की सच्चाई को उजागर किया। इस दौरान जापान के प्रमुख नेताओं एवं अन्य सख्शीयतों से मिले स्पष्ट और ठोस समर्थन से प्रतिनिधिमंडल उत्साहित है।