बिहार चुनाव को लेकर एक बड़ा राजनीतिक बवाल खड़ा हो गया है। बक्सर से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सांसद सुधाकर सिंह ने आज प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि राज्य में मतदाता सूची से जुड़ी हेराफेरी बड़े पैमाने पर हो रही है और इसमें सत्तारूढ़ दल और सरकारी अधिकारी सीधे तौर पर संलिप्त हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से दिल्ली चुनावों में मतदाताओं के नाम काटे गए और फर्जी नाम जोड़े गए, ठीक वैसी ही साजिश अब बिहार में भी दोहराई जा रही है।
कैमूर ज़िले के तीन प्रखंडों में गड़बड़ी के आरोप
सुधाकर सिंह ने दावा किया कि कैमूर ज़िले के रामगढ़, नुआंव और दुर्गावती प्रखंडों में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) पर भाजपा और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा फर्जी नाम जोड़ने और असली मतदाताओं के नाम काटने का दबाव डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून का पालन करने वाले 44 बीएलओ को हटाने की साजिश रची जा रही है। इनमें 10 नुआंव, 16 रामगढ़ और 18 दुर्गावती से हैं।

उन्होंने विशेष रूप से डीसीएलआर मोहनिया, बीडीओ रामगढ़, नुआंव और दुर्गावती पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये अधिकारी सत्ताधारी दल के पक्ष में काम कर रहे हैं। सुधाकर सिंह ने चुनाव आयोग से इसकी जांच कराने की मांग की है और चेताया कि अगर इस पर कार्रवाई नहीं हुई, तो निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं रहेंगे।
बिक्रमगंज रैली में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग
सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बिक्रमगंज रैली को भी निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि रैली को सफल दिखाने के लिए सरकार ने जीविका समूह की 25,000 महिलाओं को जबरन बुलाया। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में उनके पास सरकारी पत्र और वीडियो सबूत हैं। उन्होंने कहा, “यह प्रधानमंत्री की राजनीतिक रैली थी, कोई सरकारी आयोजन नहीं, फिर भी सरकारी तंत्र का ऐसा दुरुपयोग दुर्भाग्यपूर्ण है।”
जानिए कब होगा RJD के राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव.. तेजस्वी या लालू, किसके सर ताज ?
कानून-व्यवस्था पर भी तीखा हमला
सुधाकर सिंह ने बिहार की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में हत्या, शराब माफिया, भू-माफिया और ठेकेदारी गिरोहों का राज है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की “डबल इंजन सरकार” को विफल बताया और आरोप लगाया कि यह सरकार सिर्फ प्रचार की राजनीति करती है।
मोदी सरकार ने देश को धोखा दिया
सुधाकर सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी की विदेश और रक्षा नीति की आलोचना करते हुए कहा कि सिंधु ऑपरेशन पूरी तरह से असफल रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भारत की विदेश नीति अब अमेरिका के इशारे पर चल रही है, और सेना को पर्याप्त संसाधन नहीं मिल पा रहे हैं। सुधाकर सिंह ने कहा कि राहुल गांधी INDIA गठबंधन की तरफ से प्रधानमंत्री पद के सबसे मजबूत दावेदार हैं। उन्होंने दावा किया कि यूपीए सरकार के समय पाकिस्तान को हमेशा करारा जवाब दिया गया, जबकि मौजूदा सरकार हर अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर विफल रही है।