मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने आज मुजफ्फरपुर के इंडस्ट्रियल एरिया में एक नई फैक्ट्री का उद्घाटन किया। यह यूनिट कॉस्मस लाइफस्टाइल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्थापित की गई है और इसका उद्देश्य बिहार में औद्योगिक विकास को गति देना है। फैक्ट्री का निर्माण 5 एकड़ क्षेत्रफल में किया गया है और कुल निवेश राशि 50 करोड़ रुपये है, जिसमें से 37 करोड़ रुपये की स्वीकृति SIPB द्वारा दी गई है।
लालू-तेजस्वी ने जिस पर जताया भरोसा, उस पर हैं गंभीर आरोप
यह फैक्ट्री 450 लोगों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार दे रही है, जिसमें 35% महिलाएं शामिल हैं। आने वाले समय में 1200 लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य है, जिसमें 40% महिलाएं होंगी।
अगली तिमाही में 700 अतिरिक्त श्रमिकों की भर्ती की जाएगी। कॉस्मस लाइफस्टाइल की यह इकाई बिहार के MSME सेक्टर को मज़बूती देगी। कंपनी ने यह भी घोषणा की है कि वह 100 करोड़ रुपये का राजस्व उत्पन्न करने की दिशा में काम कर रही है। घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय निर्यात पर भी उसका फोकस रहेगा। भविष्य में कंपनी बिहार में और निवेश करने की इच्छुक है।

फैक्ट्री का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने बैग निर्माण की प्रक्रिया को नजदीक से देखा और मौके पर मौजूद अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने फैक्ट्री में बन रहे उत्पादों की गुणवत्ता की भी जांच की और कर्मचारियों से बातचीत की। मुख्यमंत्री करीब आधे घंटे तक फैक्ट्री परिसर में रुके। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन की दिशा में यह बड़ा कदम है। ऐसी इकाइयाँ स्थानीय युवाओं के लिए अवसर लेकर आती हैं और बिहार के आर्थिक विकास को गति देती हैं।

मुख्यमंत्री के साथ डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा, राज्य सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने इस अवसर पर कहा कि बिहार में लगातार औद्योगिक विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि अब बाहरी कंपनियां भी राज्य में निवेश कर रही हैं, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सफल औद्योगिक नीति का ही परिणाम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इंडस्ट्रियल एरिया को लगातार विकसित करने पर काम कर रही है और इसके सकारात्मक परिणाम अब दिखने लगे हैं। इस उद्घाटन समारोह ने राज्य में उद्योग और निवेश को बढ़ावा देने के सरकार के प्रयासों को नई ऊर्जा दी है।