भुवनेश्वर में कांग्रेस के संविधान बचाओ समावेश कार्यक्रम में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला। बिहार में मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा महाराष्ट्र की तरह अब बिहार में चुनाव को चोरी करने की साजिश कर रही है। लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच एक करोड़ नए मतदाता जोड़े गए। कोई नहीं जानता कि ये मतदाता कौन थे और वे कहां से आए थे? हमने चुनाव आयोग से कई बार कहा कि हमें मतदाता सूची और वीडियोग्राफी उपलब्ध कराएं। लेकिन चुनाव आयोग ने हमें यह उपलब्ध नहीं कराया। राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में मैंने विपक्षी गठबंधन इंडिया के नेताओं से कहा कि हम चुनाव आयोग और भाजपा को बिहार चुनाव की चोरी नहीं करने देंगे।
कांग्रेस का हाथ छोड़, पीके का बस्ता उठाएंगे कन्हैया कुमार.. जनसुराज ने दिए संकेत !
राहुल गांधी ने कहा कि सरकार ओडिशा की गरीब जनता का पैसा चुराने का काम करती है। एक तरफ ओडिशा की गरीब जनता दलित, आदिवासी, कमजोर, किसान और मजदूर है और दूसरी ओर 5-6 अरबपति और भाजपा सरकार। इस लड़ाई में कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता ही ओडिशा की जनता के साथ मिलकर जीत सकता है। भाजपा पूरे देश में संविधान पर आक्रमण कर रही है।
उन्होंने कहा कि कुछ नया शुरू हुआ है। ओडिशा में 40,000 से ज़्यादा महिलाएं गायब हो गईं। आज तक पता नहीं चला कि ये महिलाएं कहां गईं? यहां हर दिन महिलाओं पर अत्याचार होता है। उनके साथ दुष्कर्म होता है। ओडिशा में हर दिन 15 महिलाओं के साथ दुष्कर्म होता है। आपकी सरकार चौबीसों घंटे आपका खून चूसती है, आपकी जमीन छीनती है।