Bihar Politics : बिहार में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर मचे सियासी घमासान के बीच केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय (Nityanand Rai) ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्य में जो छिटपुट घटनाएं हो रही हैं, वे निंदनीय हैं, लेकिन अब वह दौर नहीं रहा जब मुख्यमंत्री आवास में अपराधियों के लिए गेस्ट रूम बनाए जाते थे।
नित्यानंद राय ने लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि लालू के शासनकाल में मुख्यमंत्री आवास अपराधियों का अड्डा बन चुका था। मंत्रियों के यहां अपराधियों के लिए गेस्ट रूम बने होते थे। आज अगर कोई घटना होती है, तो अपराधियों पर सख्त कार्रवाई होती है और उन्हें सजा भी मिलती है। इसलिए ही उस दौर को ‘जंगल राज’ कहा जाता था।”
वोटर लिस्ट पुन: निरीक्षण पर विपक्ष को जवाब
वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर महागठबंधन द्वारा जताए जा रहे विरोध पर भी राय ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को किस बात का डर है? चुनाव आयोग हर चुनाव से पहले वोटर लिस्ट का निरीक्षण करता है। डर उन्हें होना चाहिए जो फर्जी तरीके से कागज बनाकर वोटर लिस्ट में शामिल हो गए हैं। जो सही लोग हैं, उन्हें डरने की कोई जरूरत नहीं है।
राहुल गांधी पर भी किया प्रहार
कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा बिहार को “क्राइम कैपिटल” कहे जाने पर नित्यानंद राय ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को वह दिन याद करना चाहिए जब बिहार की हालत बदतर थी। आज हर क्षेत्र में विकास हो रहा है — छात्र, किसान और आम जनता के लिए काम हो रहा है। हर तरफ खुशहाली है। उन्हें इस पर प्रसन्न होना चाहिए, आलोचना नहीं करनी चाहिए।