मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने बहुप्रतीक्षित पटना मेट्रो रेल परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने बैरिया स्थित मेट्रो टर्मिनल और जीरोमाइल मेट्रो स्टेशन का दौरा कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मेट्रो रेल के डिब्बे, रेलवे ट्रैक, यार्ड और पावर ग्रिड का जायजा लिया। अधिकारियों ने उन्हें परियोजना की वर्तमान स्थिति और अब तक की प्रगति के बारे में जानकारी दी।
जीरोमाइल मेट्रो स्टेशन का दौरा
इसके बाद मुख्यमंत्री ने जीरोमाइल मेट्रो स्टेशन पहुंचकर निर्माण कार्य की स्थिति देखी। उन्होंने स्टेशन पर स्वचालित सीढ़ी, टिकट काउंटर, यात्री सुविधा क्षेत्र, पब्लिक एरिया, पेड एरिया, लिफ्ट और प्लेटफॉर्म तक जाने के मार्ग की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए और गुणवत्ता पर कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से शहरवासियों को आधुनिक और सुविधाजनक यातायात सुविधा मिलेगी।
Bihar Teacher Bharti: TRE 4 Election से पहले, TRE 5 Election के बाद.. Shiksha Mantri का बड़ा ऐलान
मील का पत्थर साबित होगी मेट्रो
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पटना मेट्रो परियोजना शहर के विकास और यातायात सुधार में मील का पत्थर साबित होगी। इससे न केवल यातायात जाम की समस्या कम होगी बल्कि शहरी परिवहन को नई दिशा मिलेगी। इस अवसर पर नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर सिंह और पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।






















