शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव की मौजूदगी में “वोटर अधिकार यात्रा” निकाली गई। बिहार में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा का आज 13वां दिन है। राहुल बेतिया होते हुए गोपालगंज पहुंचे। इसके बाद शाम में राहुल की यात्रा सीवान पहुंची। गोपालगंज से सिवान तक राहुल गाँधी ने तेजस्वी यादव, मुकेश सहनी और दीपांकर भट्टाचार्य के साथ रोड शो किया। इसके बाद महागठबंधन के सभी नेताओं ने जनता को संबोधित किया।
माले नेता दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि इस यात्रा में जनता का भारी समर्थन मिल रहा है, जिससे भारतीय जनता पार्टी में बौखलाहट है। लेकिन भाजपा की बौखलाहट को धता बताते हुए जनता ने तय कर लिया है कि हमें हर कीमत पर वोट चोरी को रोकना है। और बिहार में सरकार बदलना है। चुनाव से पहले बिहार में 65 लाख लोगों का नाम काट दिया। जिन्दा लोगों को मुर्दा बना दिया। युवाओं और महिलाओं का नाम काट दिया है। ये लोग वोट चोरी कर रहे हैं। अब बिहार के लोग अपने वोट की रक्षा करेंगे।
विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि हमें वोट करने का अधिकार मिला है। जनता ही मालिक होती है। नेता नौकर होता है। लोकतंत्र को बचाने और मताधिकार की रक्षा करने के लिए यह यात्रा निकाली गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और RSS पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे चुनाव आयोग को कब्जे में लेकर काम कर रहे हैं। मुकेश सहनी ने चेताया कि इस प्रकार की राजनीति से लोकतंत्र गंभीर संकट में है। अगर लोकतंत्र ही सुरक्षित नहीं रहेगा, तो देश की स्थिति बेहद खराब हो जाएगी।

तेजस्वी यादव ने कहा कि लोकतंत्र की जननी बिहार से ही भाजपाई लोकतंत्र को खत्म कर देंगे? बिहार यह कभी होने नहीं देगा! ये बड़का झूठा पार्टी की चोरी राहुल गाँधी ने पकड़ ली है। अब ये लोग झूठा प्रोपगंडा फैला रहे हैं। लेकिन बिहार की जनता इसमें फंसेगी नहीं। उन्होंने कहा कि बिहार से क्रांति की शुरुआत होती है। जो पूरे देश में फैलती है।






















