Bihar News मधेपुरा में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन गुरुवार को किया गया. मंत्री श्रवण कुमार सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शासनकाल में शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों का भी विकास हुआ है। पूरे बिहार में हर क्षेत्र में काम हुआ है। 20 साल पहले बिहार स्थिति काफी शर्मनाक थी। आज शिक्षा के क्षेत्र में पॉलिटेक्निक कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, तकनीकी संस्थान, प्लस टू विद्यालय का निर्माण सहित शिक्षकों की बहाली की जा रही है। इस वजह से विद्यालय में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में भी बढ़ोतरी हुई है। मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना को 1100 रुपये कर दिया गया है। महिला सशक्तिकरण एवं उसके आत्मनिर्भरता पर ध्यान रखते हुए जीविका दीदियों के लिए कई योजना चलाई जा रही है।
उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि देश का सबसे बड़े चारा घोटाले का सूत्रधार आज बिहार में विकास करने की बात कह रहे हैं। ऐसे जाल-फरेब एवं घोटालेबाज लोगों की बातों में नहीं आकर बल्कि आप सभी को एनडीए के पक्ष में मतदान कर 2025 से 30 नीतीश कुमार के नारे को बुलंद करना है।सांसद सुनील कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने 20 सालों के कार्यकाल में बिहार की दिशा और दशा पूरी तरह बदल दी है। यह वही बिहार है जहां लोग पक्की सड़क के बजाय गड्ढे में सफर करने को विवश थे। पूरे बिहार में सड़कों का महाजाल फैल गया है। हर क्षेत्र में विकास की गंगा बह रही है।
रालोमो के राष्ट्रीय महासचिव फजल इमाम मल्लिक ने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने माय समीकरण का नारा दिया था। यानी मुस्लिम एवं यादव। लेकिन माय हिन्दी का नहीं बल्कि अंग्रेजी का शब्द है। जिसका मतलब मेरा होता है। यानी पहले पति-पत्नी थे, अब पुत्र-पुत्री के साथ कई और शामिल हो गए हैं। जो सिर्फ परिवारवाद के लिए राजनीति करता हो वह भी विकास की बात करने लगे हैं।इस दौरान विधानसभा उपाध्यक्ष नरेंद्र नारायण यादव ने अपने 30 वर्षों के नेतृत्व कल में विधानसभा क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों की विस्तार पूर्वक चर्चा की। कहा, कुरसंडी पंचायत के रौता गांव एवं फुलौत में विद्युत उपकेंद्र, चौसा एवं आलमनगर प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन एवं फुलौत में थाना भवन निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। वहां जल्द ही निर्माण कार्य शुरू की जाएगी। सम्मेलन के अंत में लोजापा (रा)के प्रदेश महासचिव चंदन सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।






















