बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए महागठबंधन में लंबे समय से चले आ रहे गतिरोध का अंत हो गया। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) प्रमुख मुकेश साहनी की पार्टी को 15 विधानसभा सीटें मिलने पर सहमति बन गई है। कम सीटों की भरपाई के रूप में VIP को एक राज्यसभा सीट और दो विधान परिषद सीटें देने का वादा किया गया है। यह समझौता राहुल गांधी के हस्तक्षेप और तेजस्वी यादव की मध्यस्थता से संभव हुआ, जिससे महागठबंधन को मल्लाह-निषाद समुदाय के वोटों को मजबूत करने में बड़ी राहत मिली है। आज ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो रही है।
पार्टी ने शुरू में 60 सीटों पर दावा किया था, बाद में 30 पर सहमति जताई, लेकिन अंत में 15 पर समेट लिया गया। इनमें से ज्यादातर सीटें RJD के कोटे से दी गई हैं, जबकि कुछ कांग्रेस के हिस्से से। RJD को 135, कांग्रेस को 60, CPI(ML) को 20, VIP को 15 और अन्य वाम दलों को बाकी सीटें। कुल 243 सीटों में यह बंटवारा NDA को कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार किया गया है।
पार्टी संरक्षक मुकेश साहनी आज (17 अक्टूबर) दरभंगा जिले की गौरा बौराम विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल करेंगे। यह सीट तेजस्वी यादव के करीबी क्षेत्र से है, जहां RJD ने VIP को सिंबल दे दिया है। साहनी, जो ‘सन ऑफ मल्लाह’ के नाम से मशहूर हैं, यहां से मल्लाह समुदाय को मजबूत करने का लक्ष्य रखे हुए हैं।






















