बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2025) की गर्मागर्मी के बीच मंगलवार को पटना एयरपोर्ट पर एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के दोनों बेटे—तेजप्रताप यादव और तेजस्वी यादव—अचानक एक ही वक्त पर एयरपोर्ट पर आमने-सामने आ गए। लेकिन दिलचस्प बात यह रही कि दोनों भाइयों के बीच न कोई अभिवादन हुआ, न ही एक शब्द का आदान-प्रदान।

यह संयोग तब हुआ जब तेजप्रताप यादव, जो अब अपनी नई पार्टी जनशक्ति जनता दल (आरएसजे) के मुखिया हैं, चुनावी अभियान के सिलसिले में हेलीकॉप्टर से उड़ान भरने पहुंचे थे। वे उस वक्त एक यूट्यूबर के साथ बातचीत कर रहे थे, जो उनके साथ एक इंटरव्यू कर रहे थे। इंटरव्यू के बीच तेजप्रताप फैबइंडिया स्टोर पर पहुंचे और वहां उन्होंने एक काली बंडी खरीदी। ठीक उसी समय एयरपोर्ट पर उनके छोटे भाई और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव भी पहुंच गए।
Bihar Election 2025: दूसरे चरण का प्रचार शुरू.. तेजस्वी यादव आज रिकॉर्डतोड़ 18 सभाएं करेंगे
तेजस्वी यादव ने जब यूट्यूबर को देखा तो मुस्कुराते हुए मजाकिया लहजे में कहा, “क्या शॉपिंग करा रहे हैं भइया?” जिस पर यूट्यूबर ने जवाब दिया, “वो हमको गिफ्ट दे रहे हैं।” तेजस्वी हंस पड़े और बोले, “आप बहुत लकी हैं।” मगर इस पूरी बातचीत के दौरान तेजप्रताप यादव ने एक शब्द भी नहीं कहा। वे शांत खड़े रहे, न कोई प्रतिक्रिया दी और न ही अपने छोटे भाई की ओर देखा। तेजस्वी के साथ उस समय वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी भी मौजूद थे, जो महागठबंधन के साथ चुनावी प्रचार में जुटे हैं।
यह ‘साइलेंट मुलाकात’ ऐसे समय में हुई है जब लालू परिवार के दोनों बेटों के बीच राजनीतिक और वैचारिक दूरी चरम पर है। तेजप्रताप यादव ने पिता की पार्टी राजद से अलग होकर अपनी राह चुन ली है, जबकि तेजस्वी यादव अब राजद के मुख्य चेहरा बनकर महागठबंधन की कमान संभाले हुए हैं।






















