बिहार की 18वीं विधानसभा का पहला सत्र (Bihar Vidhan Sabha 18th Session) आज से शुरू हो गया है। पहले दिन नवनिर्वाचित विधायकों ने शपथ ग्रहण कर रहे हैं। सदन में आगे की पंक्ति में मुख्यमंत्री, मंत्री विजय चौधरी, श्रवण कुमार, मंगल पांडेय बैठे हैं। दूसरी पंक्ति में मंत्री लेसी सिंह, नितिन नवीन, रामकृपाल यादव, श्रेयसी सिंह, जमा खान, संजय सिंह टाइगर बैठे हैं। विपक्ष की कतार में तेजस्वी यादव सबसे आगे बैठे हुए हैं।

पहले दिन विधायक शपथ ले रहे हैं। सबसे पहले मंत्रियों ने शपथ ली। सम्राट चौधरी की शपथ के बाद तेजस्वी ने अपनी सीट पर खड़े होकर उनका अभिवादन किया। तेजस्वी ने सम्राट चौधरी से हाथ मिलाया। शपथ लेने के बाद डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने सीएम नीतीश के पैर छुए। वहीं विपक्ष के नेता तेजस्वी से गले मिले। सीएम और तेजस्वी के बीच इशारों में बात हुई। शपथ के क्रम में गयाजी से वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार ने सदन को प्रणाम कर परंपरा का पालन किया, वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शपथ लेकर विपक्ष की भूमिका को औपचारिक रूप से संभाल लिया। अरुण शंकर प्रसाद ने मैथिली में शपथ लेकर भाषाई गौरव को मंच प्रदान किया।

विधानसभा परिसर में रोचक दृश्य तब दिखा जब गया के टेकारी से विधायक अजय डांगी ऑटो से विधानसभा पहुँचे। यह साधारण लेकिन प्रतीकात्मक दृश्य जनता से जुड़ाव और जमीन से उठी राजनीति की झलक दिखा गया। दूसरी ओर, राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार ‘वोट चोरी’ से बनी है और जनता ने इसे मंज़ूरी नहीं दी है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष की संख्या भले कम हो, लेकिन उनकी आवाज पहले की तरह बुलंद रहेगी।
पहले सत्र की कमान प्रोटेम स्पीकर नरेंद्र नारायण यादव संभाल रहे हैं, जो सभी विधायकों को शपथ दिला रहे हैं। पूरे सप्ताह की कार्यवाही पहले से तय है, जिसमें 2 दिसंबर को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव, 3 दिसंबर को राज्यपाल का अभिभाषण, 4 दिसंबर को उस भाषण पर चर्चा और सरकार का जवाब शामिल है। आखिरी दिन 5 दिसंबर को द्वितीय अनुपूरक व्यय विवरणी पर विस्तृत बहस होगी।
नए विधायकों की सुविधा के लिए सदन में विशेष हेल्प डेस्क बनाया गया है, जो उन्हें बैठने की व्यवस्था से लेकर सदन की प्रक्रियाओं तक हर दिशा-निर्देश प्रदान कर रहा है। यह व्यवस्था दिखाती है कि लोकतांत्रिक संरचना में पहली बार सदन में आने वाले विधायकों की भूमिका को सहज बनाने का प्रयास किया गया है।






















