यूपी में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री पद के लिए शपथ ग्रहण किया। वहीं उत्तर प्रदेश में भाजपा के कई दिग्गज नेता योगी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। जिसमें बिहार से भी कई नेता यूपी गए हुए थे। वहीं योगी के राजपाठ संभालने के बाद पूर्वी चंपारण के सांसद व यूपी भाजपा के प्रभारी राधा मोहन सिंह (Radha Mohan Singh) ट्रेन से वापस बिहार लौटे तो बापूधाम रेलवे स्टेशन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने गाजे-बाजे के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह को फूलों के माला से समानित किया। यहीं नहीं कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी भी की।
यूपी में भाजपा कि जीत है ऐतिहासिक
बता दें कि सांसद व पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने कहा कि 37 वर्षों के बाद यूपी में कोई पार्टी लगातार सत्ता में आयी है और योगी आदित्यनाथ एक बार फिर से सीएम बने है। यह हमारे लिए काफी ऐतिहासिक बात है। बुलडोजर बाबा को जिस तरह से उत्तर प्रदेश में जनता का साथ और प्यार मिला है। उसी का परिणामस्वरुप यूपी को सही नेतृत्व मिला है। यूपी के लोग योगी सरकार पर पूरा विश्वास करते है। पार्टी हमेशा उनके हित के बारे में सोचती है। हालांकि राधामोहन सिंह यूपी भारतीय जनता पार्टी के प्रभारी है और उन्हीं के रणनीति के अनुसार बीजेपी ने प्रत्याशियों को उतारा था।