बेगूसराय-खगड़िया की विधान परिषद क्षेत्र संख्या 19 से कांग्रेस प्रत्याशी राजीव कुमार विधान परिषद सदस्य जीत गए हैं। इन्होंने भाजपा के पूर्व विधान पार्षद रजनीश कुमार को हराया है। वैसे जीत का अंतर स्पष्ट नहीं हो पाया है,क्योंकि देर रात तक रजनीश कुमार के द्वितीय वरीयता के मतपत्रों की गिनती जारी रही।
रजनीश-भीतरघात करने वालों पर होगी कार्रवाई
बता दें दो बार से भाजपा के रजनीश कुमार विधान परिषद सदस्य थे। राजीव ने जीत बाद कहा कि बेगूसराय और खगड़िया की जनता ने उन्हें जो आशीर्वाद दिया है, उसके लिए वह दोनों जिले के जनप्रतिनिधियों के आभारी हैं। उनके द्वारा विधान परिषद में लगातार प्रत्याशियों एवं जनप्रतिनिधियों के लिए आवाज उठाई जाती रहेगी। वहीं, भाजपा नेता रजनीश ने राजीव को जीत की बधाई दी व कहा कि राजीव द्वारा आने वाले दिनों में क्षेत्र की जनता एवं जनप्रतिनिधियों के लिए विशेष कार्य किए जाएंगे। इसके लिए उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने अपनी हार के लिए पार्टी के भीतरघात से भी इनकार नहीं किया व कहा कि आगे जांच की जाएगी और जांच बाद जो दोषी पाए जाएंगे, उन पर पार्टी के पदाधिकारियों द्वारा कार्रवाई की जाएगी।