बाहुबली विधायक रीतलाल यादव के दो बॉडीगार्ड को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। खुद रीतलाल यादव भी जांच के घेरे में हैं। गिरफ्तार दोनों बॉडीगार्ड निजी तौर पर विधायक को सुरक्षा प्रदान कर रहे थे। पुलिस ने इनके पास से दो बंदूक, एक पिस्टल, एक रिवॉल्वर और 185 जिंदा कारतूस बरामद किया है। जांच में इनके हथियार अवैध पाए गए हैं। जांच में पता चला कि हथियारों के लाइसेंस जम्मू-कश्मीर से लिए गए हैं। इनकी कोई भी एंट्री बिहार में नहीं है। इस मामले में रीतलाल के दोनों बॉडीगार्ड को गिरफ्तार गया किया है।
अवैध हथियारधारकों के खिलाफ अभियान चला रही पुलिस
दानापुर के एएसपी अभिनव धीमान ने बताया कि पटना पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। निजी अंगरक्षक हथियार और गोली लेकर लोगों में भय पैदा कर रहे हैं। इनमें से अधिकतर हथियारों के लाइसेंस जम्मू-काश्मीर से जारी हैं। इन्हें पटना जिले में पंजीकृत नहीं कराया गया है। लंबे समय से लोग पटना व बिहार के आसपास के क्षेत्रों में घूम रहे हैं। यह आर्म्स रूल का उल्लंघन है। ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनके आर्म्स लाइसेंस का सत्यापन करते हुए उनके आर्म्स लाइसेंस के रद्दीकरण हेतु नियमानुसार प्रस्ताव समर्पित किया जा रहा है।