RAMGARH : आजसू पार्टी की एक आवश्यक बैठक शनिवार को पीटीपीएस स्थित आवासीय कार्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष गंगाधर महतो एवं संचालन प्रखंड सचिव विश्वरंजन सिन्हा ने किया। जिसमें 4 अगस्त को पतरातू प्रखंड मुख्यालय में आजसू का हल्ला बोल और जनसमस्या निवारण शिविर पर सहमति बनी। बैठक में मुख्य रूप से पार्टी केंद्रीय महासचिव सह बड़कागांव विधानसभा प्रभारी रोशनलाल चौधरी उपस्थित थे। वहीं विशिष्ट रूप से केंद्रीय सचिव विजय साहू मौजूद थे।
सरकार ने जनता के साथ छल किया
बैठक को संबोधित करते हुए रोशनलाल चौधरी ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार और उसमें शामिल दलों ने आम जनता के साथ छल किया है। प्रखंड कार्यालयों में विभिन्न योजनाओं का लाभ देने में जनता को परेशान किया जा रहा है। भ्रष्टाचार हावी है। राज्य व क्षेत्र नेतृत्व विहीन है, हर तरफ अव्यवस्था है। जनता का कोई काम नही हो रहा। विकास कार्य ठप है, जनहित की योजना कार्यान्वित नहीं है। जिसके आलोक में आजसू पार्टी के द्वारा आगामी 4 अगस्त को पतरातू प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष हल्ला बोल कार्यक्रम किया जाएगा। साथ ही इस मौके पर साह कॉलोनी पंचायत अध्यक्ष संजय सिंह एवं सचिव अजीत कुमार को मनोनित किया गया। बताया गया कि प्रखंड मुख्यालय में मंगलवार एवं शुक्रवार को आजसू पार्टी के द्वारा जनसमस्या निवारण शिविर लगाया जाएगा।