कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह पर भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी के लिए भीड़ जुटाने के लिए समर्थकों को फोन करने का आरोप लगा है। इसमें एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी वायरल हुई है, जिसमें अखिलेश प्रसाद सिंह अपने एक समर्थक को सारण के भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी के लिए भीड़ जुटाने का निर्देश दे रहे हैं। साथ ही अखिलेश प्रसाद सिंह अपने समर्थक को यह भी कह रहे हैं कि 10-20 लोग को ले जाना, वहां नारे लगवाना। साथ ही नारा क्या लगाना है, वह भी बताते हैं।
BJP के त्रिदेव बिहार में लगाएंगे बेड़ा पार? जबरदस्त है जातीय समीकरण
वायरल ऑडियो में आवाज स्पष्ट है कि कहा जा रहा है कि नारा लगाना कि ब्रह्मर्षि समाज जिंदाबाद, राजीव प्रताप रूडी जिंदाबाद। साथ ही यह भी कहा कि रूडी के काम में कह देना कि अखिलेश बाबू बोले हैं। हालांकि Insider Live इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है। यह ऑडियो जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रेमचंद सिंह और जाप नेता और पूर्व विधायक रामचंद्र सिंह यादव, राष्ट्रीय महासचिव राजेश पप्पू द्वारा जारी किया गया है।
जाप राष्ट्रीय महासचिव प्रेमचंद सिंह ने बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश सिंह के बारे में कहा कि कुछ लोगों द्वारा INDIA गठबंधन को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार कांग्रेस इकाई द्वारा इंडिया गठबंधन को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश सिंह राजद छोड़कर कांग्रेस में आए है। उनकी कोई राजनीतिक प्रतिबद्धता नहीं है। साथ ही प्रेमचंद सिंह ने अखिलेश प्रसाद सिंह पर भाजपा का पेड एजेंट होने का आरोप लगाया है।