अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के सत्ता संभालने के बाद अवैध प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। हाल ही में अमेरिकी अधिकारियों ने 500 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है, जो अवैध रूप से अमेरिका में घुसे थे। वाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलीन लिविट ने कहा कि गिरफ्तार किए गए 538 लोगों में से सैकड़ों को मिलिट्री एयरक्राफ्ट के जरिए देश से बाहर भेज दिया गया है।
ट्रंप प्रशासन के अनुसार, ये गिरफ्तारियां और डिपोर्टेशन अमेरिका में अवैध घुसपैठ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अवैध प्रवासियों को बाहर निकालने के लिए एक आदेश पर साइन किए हैं, जिसमें कहा गया है कि बीते चार सालों में अमेरिका में अवैध प्रवासियों की संख्या में बेतहाशा वृद्धि हुई है और अब इन्हें वापस भेजना जरूरी है ताकि अमेरिकी संसाधनों का उपयोग यहां के नागरिकों के लिए किया जा सके। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वाइट हाउस के प्रेस सेक्रेटरी कैरोलीन लिविट ने कहा कि “अमेरिकी एजेंसियों ने 538 लोगों को गिरफ्तार किया है और इनमें से सैकड़ों को अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश करने के बाद देश से बाहर भेज दिया गया है। यह अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन है। हम वादा कर चुके थे और अब इसे पूरा कर रहे हैं।”
इस आदेश में अवैध प्रवासियों को राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा बताया गया है। आदेश में यह भी कहा गया कि इन प्रवासियों के कारण निर्दोष अमेरिकी नागरिक अपराधों का शिकार हो रहे हैं। 23 जनवरी को अमेरिकी कांग्रेस ने ‘लेकन रिले एक्ट’ को मंजूरी दी, जिसके तहत अवैध दस्तावेजों के साथ अमेरिका में रह रहे प्रवासियों को बाहर किया जाएगा। डोनाल्ड ट्रंप के सत्ता में आने के बाद से ही अवैध प्रवासियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। पिछले तीन दिनों में सैकड़ों अवैध प्रवासियों को गिरफ्तार किया गया है, और उनका कहना है कि यह कार्रवाई अमेरिकी इतिहास में सबसे बड़ी डिपोर्टेशन ऑपरेशन है।