बिहार के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मोकामा के मरांची थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ी घटना सामने आई जब एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। इस हमले में उप-निरीक्षक (SI) आदर्श कुमार, सहायक उप-निरीक्षक (ASI) शैलेंद्र कुमार सिंह सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
आरोपी और उसके परिजनों ने किया हमला
घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है जब मरांची थाने की पुलिस एक मामले में नामजद अभियुक्त पोलू सिंह उर्फ धनंजय सिंह को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी और उसके परिजनों ने पुलिस पर हमला बोल दिया। थाना अध्यक्ष अवधेश कुमार के अनुसार, पुलिस पर न केवल हाथापाई की गई, बल्कि पत्थरबाजी भी की गई।
रीतलाल यादव पर शिकंजा और कसा: पटना पुलिस ने रेड के बाद कुर्की की तैयारी तेज की
एक घायल को किया गया रेफर
तीनों घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल मरांची प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अभिलाषा कुमारी ने प्राथमिक इलाज के बाद बताया कि ASI शैलेंद्र कुमार सिंह की स्थिति गंभीर है। उनके सिर में गहरी चोटें आई हैं, जिसे देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया है।

आरोपी की तलाश जारी
हमले के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और आरोपी पोलू सिंह की तलाश जारी है। थाना अध्यक्ष अवधेश कुमार ने कहा कि हमलावरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि हमले के बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। घटना के बाद मरांची और आसपास के इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।