Ritesh Pandey joins Jansuraj: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रशांत किशोर के जन सुराज अभियान को और समर्थन मिला है। पटना में जन सुराज का बड़ा प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित हुआ जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह, सूत्रधार प्रशांत किशोर और प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती सहित कई नेता मौजूद रहे। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश के पूर्व ADG जय प्रकाश सिंह और भोजपुरी सुपरस्टार रितेश पांडेय जन सुराज में शामिल हुए।
जेपी सिंह छपरा के रहने वाले हैं और वे आईपीएस अधिकारी थे। उन्होंने कुछ समय पहले ही वीआरएस ले लिया था। रितेश पाण्डेय भोजपुरी इंडस्ट्री के जाने-माने सिंगर और एक्टर हैं। जय प्रकाश सिंह ने कहा, “अपना सब कुछ छोड़कर जन सुराज का हाथ मजबूत करने का फैसला लिया है।” वहीं रितेश पांडेय ने कहा, “प्रशांत किशोर की सोच से प्रभावित होकर बिहार की छवि बदलने के लिए पार्टी से जुड़ा हूं।”
Bihar DSP transfer list: चुनावी तैयारियों के बीच बिहार पुलिस में बड़ा फेरबदल
प्रशांत किशोर के अनुसार, ‘रितेश पाण्डेय काराकाट इलाके के रहने वाले हैं। उन्होंने बिहार को बदहाली से निकालने के लिए जन सुराज का दामन थामा है। भोजपुरी में उनके चाहने वालों का कुनबा बहुत बड़ा है। इनके पिताजी शिक्षक थे लेकिन लालू यादव के राज में उनकी नौकरी चली गई। संघर्ष करके यहां तक पहुंचे। 40 से 50 फिल्मों में इन्होंने काम भी किया। उस वैभव को छोड़कर बिहार बदलने की मकसद से जनसुराज के साथ आ गए हैं।’
प्रशांत किशोर ने जय प्रकाश सिंह के बारे में बताया कि वे सारण के रहने वाले हैं। उन्होंने गांव के स्कूल में पढ़ाई की। एकमा के सरकारी विद्यालय में पढ़े। वे पटना कॉलेज भी गए। परिवार की स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उन्होंने सेना में नौकरी की। एयरपोर्ट ऑथोरिटी में भी नौकरी की। फिर उन्होंने आईपीएस में पूरे भारत में 59वां रैंक हासिल किया। उन्होंने कहा, ‘ये एडीजी थे और कुछ दिन और नौकरी में रह जाते तो डीजीपी हो जाते। लेकिन बिहार में बदलाव के लिए इन्होंने उसका त्याग कर दिया।’