Bihar Administrative Transfer: बिहार के सरकारी गलियारों में मंगलवार को बड़ी हलचल देखी गई। नीतीश सरकार ने प्रशासनिक मशीनरी को और चुस्त बनाने के लिए एक साथ कई अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदल दिए हैं। इस फेरबदल की सबसे खास बात यह है कि जिलों में भूमि सुधार और बंदोबस्त कार्यों को गति देने के लिए नए चेहरों पर भरोसा जताया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार बिहार प्रशासनिक सेवा के कुल 11 अधिकारियों का तबादला किया गया है। इसके साथ ही 18 अन्य अधिकारियों को विशेष कार्यों के लिए नई प्रतिनियुक्ति सौंपी गई है। यह कदम राज्य में लंबित पड़े विभागीय कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
बिहार के कई जिलों में अब नए बंदोबस्त पदाधिकारी कमान संभालेंगे। औरंगाबाद की जिम्मेदारी अब पुरुषोत्तम को दी गई है जो पहले लघु जल संसाधन विभाग में तैनात थे। वहीं किरण सिंह को जहानाबाद का नया बंदोबस्त पदाधिकारी बनाया गया है। किरण के पास अरवल जिले का भी अतिरिक्त प्रभार रहेगा। सुपौल और सहरसा की कमान अब बुद्ध प्रकाश के हाथों में होगी। पारुल प्रिया को वैशाली जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पूर्णिया और किशनगंज जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए विनोद कुमार तिवारी को चुना गया है। जमुई में संजय कुमार राय और सारण में अखिलेश कुमार को बंदोबस्त की कमान मिली है। इसी तरह कैमूर, बक्सर और शेखपुरा में भी नए अधिकारियों की पोस्टिंग की गई है।
तबादलों के साथ-साथ सरकार ने बड़ी संख्या में प्रतिनियुक्ति भी की है। बिहार तकनीकी सेवा आयोग में स्टाफ नर्स के चयन की प्रक्रिया चल रही है। इसमें दस्तावेजों के सत्यापन के लिए विशेष रूप से एक दर्जन से अधिक अधिकारियों को लगाया गया है। 29 अप्रैल से 12 मई तक चलने वाले इस काम के लिए विशाल आनंद, मनोज कुमार और पिंकी कुमारी जैसे अधिकारियों की सेवाएं ली जा रही हैं। सरकार का लक्ष्य है कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बनी रहे और काम बिना किसी देरी के पूरा हो सके। इस सूची में अमृता प्रीतम, सत्येंद्र प्रसाद और मुकेश कुमार मुकुल समेत कई अनुभवी चेहरे शामिल हैं। जिलों से लेकर विभागों तक हुए इस बदलाव का असर अब आने वाले दिनों में सरकारी कामकाज की रफ्तार पर दिखेगा।



















