Bankipur Vidhan Sabha 2025: पटना जिले की बाँकीपुर विधानसभा सीट (निर्वाचन क्षेत्र संख्या 182) बिहार की राजनीति में अपेक्षाकृत नई लेकिन अहम सीट मानी जाती है। 2008 में परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई इस सीट पर अब तक सिर्फ तीन बार चुनाव हुए हैं, और तीनों बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने जीत दर्ज कर यहाँ अपना परचम लहराया है। लेकिन आगामी चुनाव को लेकर यहाँ की सियासी बिसात बदलती नज़र आ रही है।
चुनावी इतिहास
2010 में पहली बार यहाँ चुनाव हुआ और बीजेपी प्रत्याशी नितिन नवीन ने आरजेडी के बिनोद कुमार श्रीवास्तव को हराकर जीत हासिल की। उस समय जेडीयू और बीजेपी का गठबंधन था और सीट बीजेपी के खाते में आई थी। इसके बाद 2015 में भी नितिन नवीन ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की और कांग्रेस के कुमार आशीष को 39,767 वोटों से मात दी। इस चुनाव में बीजेपी को लगभग 86 हजार वोट मिले जबकि कांग्रेस 46 हजार वोटों पर सिमट गई।
2020 का विधानसभा चुनाव बाँकीपुर सीट के लिए खास रहा क्योंकि इसमें बॉलीवुड अभिनेता और कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा मैदान में थे। हालांकि करिश्माई चेहरे के बावजूद कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा और नितिन नवीन ने 39,036 वोटों के अंतर से उन्हें मात दी। इस चुनाव में नितिन नवीन को 83,068 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार लव सिन्हा 44,032 वोटों पर सिमट गए। वहीं, प्लूरल्स पार्टी की पुष्पम प्रिया को महज़ 5,189 वोट मिले।
जातीय समीकरण
बाँकीपुर का सामाजिक समीकरण भी यहाँ की राजनीति को दिलचस्प बनाता है। इस क्षेत्र में वैश्य और कायस्थ समाज का वर्चस्व है। मौजूदा विधायक नितिन नवीन स्वयं कायस्थ समाज से आते हैं, और इस समुदाय में उनकी मजबूत पकड़ है। इसके अलावा यादव, राजपूत और भूमिहार समुदाय भी चुनावी नतीजों पर सीधा असर डालते हैं। ब्राह्मण, कोइरी, कुर्मी और पासवान समुदाय की उपस्थिति भी इस सीट को बहुजातीय समीकरणों का अखाड़ा बना देती है।






















